Khabrilal Live Desk: पटना, 25 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर इस वर्ष बिहार में करीब 300 करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है। इसमें राखी, ज्वेलरी, मिठाई, इलेक्ट्रिक सामान और विभिन्न प्रकार की उपहार सामग्री का कारोबार शामिल है। यह जानकारी कैट बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने दी।

अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन बिहार के प्रमुख त्योहारों में शामिल है और इस मौके पर बाजारों में खरीदारी का उत्साह देखने को मिल रहा है। राखी, मिठाई, आभूषण और गिफ्ट आइटम की मांग में खासा इजाफा हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘लोकल फॉर वोकल’ और ‘वोकल फॉर ग्लोबल’ के आह्वान का असर भी बाजार में दिखाई दे रहा है। बिहार के बाजारों में इस बार स्वदेशी राखियों की मांग और उपलब्धता बढ़ी है। चीन सहित अन्य देशों से आने वाली राखियों की तुलना में स्थानीय कारीगरों और घरेलू उत्पादकों द्वारा तैयार राखियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Also Read: परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता से मजबूत होगा छात्राओं का भरोसा, जानिए बिहार की बेटियों की राय

कैट बिहार अध्यक्ष ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलती है। साथ ही छोटे कारीगरों, महिला उद्यमियों, लघु कारोबारियों और घरेलू उत्पादकों के लिए रोजगार एवं आय के अवसर भी बढ़ते हैं।

उन्होंने बिहार के लोगों से अपील की कि रक्षाबंधन के अवसर पर अधिक से अधिक स्वदेशी राखी और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें। इससे त्योहार की खुशियों के साथ-साथ बिहार की स्थानीय अर्थव्यवस्था और व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *