khabrilal Live Desk: दरभंगा, 6 अगस्त। दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को जिले के अहियारी गांव स्थित ऐतिहासिक अहिल्या गौतम स्थान मंदिर (Ahilya Sthan Tample Darbhanga) का निरीक्षण कर वहां चल रहे जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य, पोखर के सौंदर्यीकरण, चहारदीवारी निर्माण तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने भवन निर्माण विभाग और पर्यटन विभाग के अभियंताओं से कार्यों की प्रगति एवं शेष बचे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग एवं कार्यपालक अभियंता, पर्यटन विभाग को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धर्मशाला का पुनर्निर्माण इस प्रकार किया जाए जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी हों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, भवन निर्माण विभाग एवं पर्यटन विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
