Latest Gold Price: सोने की कीमत में पिछले कुछ दिनों से लगातार उछाल देखा जा रहा है। इसके भाव आसमान पर चढ़ने लगे हैं। MCX पर 24 कैरेट सोने का भाव 73 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पार कर गया है। यह अपने उच्चतम शिखर से करीब एक हजार रुपये दूर है। सोना अब 73510 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। पिछले हफ्ते से सोने की कीमत में लगातार तेजी देखी जा रही है। जानकारों के मुताबिक अभी त्योहारी सीजन और फिर शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में सोने की कीमत में और तेजी देखी जा सकती है।
बता दें कि जुलाई में पेश हुए बजट में सोने से कस्टम ड्यूटी कम कर दी गई थी। उस समय सोने की कीमत करीब 74 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम थी। कस्टम ड्यूटी कम करने के बाद सोने की कीमत में तेजी से गिरावट आई थी। उसी दिन सोने की कीमत करीब 5 हजार रुपये तक गिर गई थी। काफी समय तक यह कीमत लगभग स्थिर बनी रही। पिछले महीने सोने की कीमत ने 70 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद इसकी कीमत लगातार बढ़ती जा रही है।
एक महीने में इतनी बढ़ गई कीमत
सोने की कीमत पिछले एक महीने में काफी बढ़ गई है। इस एक महीने में इसमें 4.56 फीसदी का उछाल आया है। 16 अगस्त को 24 कैरेट सोने की कीमत 70303 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं एक महीने बाद यानी 15 सितंबर को इसकी कीमत 73510 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। ऐसे में इसमें एक महीने में 3207 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
इस साल सोने में अब तक करीब 10 हजार रुपए की तेजी
IBJA के अनुसार, इस साल अब तक सोने के दाम 9,692 रुपए बढ़ चुके हैं। 1 जनवरी को सोना 63,352 रुपए पर था, जो अब करीब 74 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी के दाम 73,395 रुपए से बढ़कर 86,100 रुपए पर पहुंच गए हैं।
