Khabrilal Desk: दरभंगा, 5 अगस्त 2026: जिले (ROB Darbhanga) में निर्माणाधीन रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को संबंधित कार्यकारी एजेंसियों, अभियंताओं और संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, भू-अर्जन, अतिक्रमण, रेलवे समन्वय और लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी निर्माणाधीन सर्विस रोड को हर हाल में मोटरेबल बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

ROB Darbhanga: पंडासराय आरओबी पर जल्द शुरू होगा रेलवे भाग का निर्माण

एलसी-18 पंडासराय गुमटी आरओबी की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रेलवे हिस्से का स्ट्रक्चरल डिजाइन और ड्राइंग स्वीकृत हो चुकी है। डीएम ने रेलवे भाग का निर्माण शुरू करने से पहले एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच रोड और गेट लॉस्ट का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पंडासराय और दोनार गुमटी के आसपास की सड़कों को जल्द मोटरेबल बनाने को कहा।

चट्टी चौक आरओबी में भू-अर्जन और अतिक्रमण हटाने पर जोर

एलसी-21 चट्टी चौक आरओबी परियोजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सदर एसडीएम कुमार गौरव, अंचलाधिकारी और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भू-अर्जन एवं अतिक्रमण से जुड़ी सभी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। संवेदक को सुपर स्ट्रक्चर और नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा रेलवे हिस्से के निर्माण से पहले टेस्ट पाइल का कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा गया।

कागवा गुमटी और दिल्ली मोड़ आरओबी को लेकर भी सख्त निर्देश

कागवा गुमटी आरओबी के संबंध में बताया गया कि भू-अर्जन और आवश्यक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं। डीएम ने वाया डक्ट निर्माण में तेजी लाने और रेलवे अधिकारियों से समन्वय बनाकर शेष स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने के निर्देश दिए।

वहीं दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजना में एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच सड़क का निर्माण तत्काल शुरू करने, नाला निर्माण को प्राथमिकता देने तथा पुराने रेलवे पुल को तोड़ने के कार्य में अतिरिक्त मानवबल लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने आरई पैनलों को कार्यस्थल पर पहुंचाकर निर्माण जल्द शुरू करने को भी कहा।

एक सप्ताह में पूरा होगा एसबीआई के पास नाला निर्माण

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चट्टी चौक स्थित एसबीआई बैंक के समीप नाला निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही जहां-जहां अतिक्रमण के कारण परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं, वहां तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

एजेंसियों को बढ़ानी होगी कार्यबल की संख्या

डीएम कौशल कुमार ने सभी कार्यकारी एजेंसियों और संवेदकों को निर्देश दिया कि निर्माण स्थलों पर मानव संसाधन और मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि सभी आरओबी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जा सकें।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, संबंधित विभागों के अभियंता तथा विभिन्न निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *