Sports Talent Search Competition Bihar: पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग के इंडोर स्टेडियम में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्व की सबसे बड़ी खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता ‘बिहार खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता’ (Bihar Sports Talent Search Competition) का मशाल जलाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना’ के तहत सात उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 20 लाख रुपये सालाना छात्रवृत्ति प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट भी वितरित की।
बालिका वुशु टीम का प्रदर्शन और लघु वृत्तचित्र प्रस्तुत
शुभारंभ समारोह में बिहार बालिका वुशु टीम ने ताउलू और वॉल माउंटिंग का प्रदर्शन किया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के समक्ष बिहार खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता (Sports Talent Search Competition Bihar) : एक महत्वाकांक्षी योजना
यह प्रतियोगिता बिहार सरकार की खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसका उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और स्कूली व गैर-स्कूली प्रतिभावान खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करना है। इसके तहत वर्ष 2032 और 2036 के ओलंपिक खेलों में पदक जीतने के लिए खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा।

Sports Talent Search Competition Bihar में 60 लाख प्रतिभागी लेंगे भाग
इस प्रतियोगिता में राज्य के करीब 40,000 सरकारी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 60 लाख छात्र शामिल होंगे। साथ ही, स्कूल से बाहर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी भाग लेने का मौका मिलेगा। चयन प्रक्रिया प्रखंड, जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर होगी। प्रतियोगिताएं एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों में आयोजित की जाएंगी।
पुरस्कार और प्रोत्साहन
प्रतियोगिता में विभिन्न स्तरों पर विजेताओं को नकद पुरस्कार, ई-सर्टिफिकेट और खेल किट दिए जाएंगे। इसके तहत:
- प्रखंड स्तर: प्रथम स्थान – ₹1000, द्वितीय स्थान – ₹600, तृतीय स्थान – ₹400
- जिला स्तर: प्रथम स्थान – ₹2500, द्वितीय स्थान – ₹1500, तृतीय स्थान – ₹1000
- राज्य स्तर: प्रथम स्थान – ₹5000, द्वितीय स्थान – ₹3000, तृतीय स्थान – ₹2000
Sports Talent Search Competition Bihar: खिलाड़ियों को मिलेंगे खेल किट और अन्य सुविधाएं
प्रतिभागी खिलाड़ियों को बैग, टी-शर्ट और इंस्ट्रूमेंट बॉक्स जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। कुल ₹10 करोड़ के नकद पुरस्कार खिलाड़ियों के बीच वितरित किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया के लिए एक पोर्टल तैयार किया जा रहा है, जहां इच्छुक प्रतिभागी पंजीकरण कर सकते हैं।
इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी. राजेंदर सहित अन्य अधिकारी और हजारों की संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
बिहार खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता राज्य में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित एक ऐतिहासिक कदम है।
