भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद बांसुरी स्वराज ने शुक्रवार को बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की पार्टियां इस बात पर मंथन कर रही हैं कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी बारी-बारी से सभी को मिले। बांसुरी का कहना है कि अगर INDIA गठबंधन को लगता है कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi News in Hindi) अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं तो उनको ये बदलाव करना चाहिए।
नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि विपक्षी दलों के भीतर कई सक्षम नेता हैं जो कि विपक्ष के नेता (LOP) की भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय तो उन्हें लेना है क्योंकि यह INDIA गठबंधन का आंतरिक मामला है। बीजेपी सांसद के दावे पर अभी विपक्ष की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: Jitan Ram Manjhi vs Chirag Paswan: बिहार NDA में मचा घमासान, 2 केन्द्रीय मंत्री आमने-सामने
बांसुरी स्वराज के बयान पर मच सकता है बवाल
भाजपा सांसद की यह टिप्पणी उस समय आई, जब उनसे लोकसभा में प्रतिपक्ष पद को रोटेशनल बनाने की संभावना के बारे में पूछा गया। बांसुरी स्वराज ने कहा, “हां! मैंने भी सुना है कि प्रतिपक्ष के पद को रोटेशनल बनाने की बात चल रही है, लेकिन मैं ये कहूंगी की ये विपक्ष का आंतरिक मामला है।” बांसुरी स्वराज ने आगे कहा कि INDIA गठबंधन को प्रतिपक्ष की भूमिका के बारे में अपने विकल्पों पर विचार करना चाहिए। वह बोलीं कि विपक्षी दलों में निश्चित रूप से कई नेता हैं जो LOP की जिम्मेदारी को पूरा करने में काफी सक्षम हैं। अगर गठबंधन को लगता है कि राहुल गांधी अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन से नहीं निभा पा रहे हैं तो उन्हें ऐसा फैसला लेना चाहिए।

