Bihar Vidhan Sabha Chunav: 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सत्ताधारी NDA और मुख्य विपक्षी राजद के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। बीते शनिवार को जेडीयू की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और एनडीए की सरकार बनेगी। इस बीच आरजेडी के एक दावे से बिहार के सियासत में उबाल आ गया है।
नीतीश कुमार के चुप्पी पर भाई वीरेंद्र का बड़ा बयान
दरअसल, आरजेडी के विधायक और राजद नेता भाई वीरेंद्र ने दावा किया है कि नीतीश कुमार एक बार फिर से तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देंगे। राजद नेता भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार के मीडिया से दूरी बनाए रखने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नीतीश कुमार के चुप्पी के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार चुप क्यों हैं, इसका जवाब तो वही दे सकते हैं। लेकिन एक बात तो साफ है कि उनके दिमाग में बहुत कुछ चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि कभी-कभी रात में नीतीश कुमार सोचते होंगे कि वे किस फेरे में पड़ गए। देशद्रोहियों के साथ हाथ मिला लिया। जिन्होंने देश के साथ गद्दारी की थी।
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025 तेजस्वी को आशीर्वाद देंगे नीतीश कुमार
भाई वीरेंद्र ने यह भी दावा किया कि नीतीश कुमार एक बार फिर से राजद के साथ आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी तो आए हैं, नई बात थोड़ी है। समाजवादी रहे हैं, समाजवादियों के साथ रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर से भतीजे तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देंगे। नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को अपनी गोदी में खेलाया है। ये बात भी उन्हें याद है।

यह भी पढ़ें: Bihar Assembly Election 2025: मुकेश सहनी के दावे से बढ़ेगी तेजस्वी की टेंशन
राजद नेता भाई वीरेंद्र के इस बयान के बाद से बिहार की सियासत में हलचल मच गई है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में क्या होता है। क्या नीतीश कुमार वाकई भतीजे को आशीर्वाद देने राजद के साथ जाते हैं या फिर एनडीए के साथ बने रहते हैं?
