Khabrilal Live Desk: 11 सितम्बर, पटना। स्वस्थ नागरिक ही किसी मजबूत और प्रगतिशील समाज की नींव होते हैं। इसी सोच के साथ बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और समय पर जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ (Medical Care at Your Doorstep) राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की गई है।
यह विशेष स्वास्थ्य अभियान 02 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक राज्य के सभी 38 जिलों में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को उनके घर और समुदाय के करीब स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बीमारियों की समय रहते पहचान करना और जरूरत के अनुसार आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना है।
Also Read: जानिए, मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए बिहार के इन होनहारों की सफलता की कहानी
अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की घर-घर स्क्रीनिंग की जा रही है और उनका हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इस दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित रोग तथा फैटी लिवर जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। जांच के दौरान गैर-संचारी रोगों की पहचान के साथ लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री बोले- शुरुआती जांच से बेहतर इलाज संभव
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 02 सितंबर को ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 38 जिलों के लिए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल रही है। साथ ही, गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान होने से समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आम लोगों तक और बेहतर होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि,”समय पर जांच होने से बीमारी की पहचान शुरुआती स्तर पर ही संभव है। इससे मरीज को बेहतर और प्रभावी इलाज उपलब्ध कराया जा सकता है। अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की प्राथमिक जांच करेंगे और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी देंगे। जरूरत के अनुसार मरीजों को ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ से लेकर जिला अस्पताल तक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।”
डॉक्टर की पढ़ाई कर रहीं कृति झा ने बताई Medical Care at Your Doorstep अभियान की अहमियत
डॉक्टर की पढाई कर रही कृति झा बताती हैं कि,”स्वास्थ्य केवल अस्पतालों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है।सरकार द्वारा घर के करीब जांच और उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराना लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसका वास्तविक उद्देश्य पहचान से आगे बढ़कर मरीज को उपचार की निरंतर प्रक्रिया से जोड़ना है।”
Medical Care at Your Doorstep: इलाज करा चुके लोगों ने क्या कहा?
“‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत मैंने भी अपनी स्वास्थ्य जांच कराई है। यहां जांच और उपचार की बहुत बेहतर व्यवस्था है। आम लोगों के लिए यह अभियान काफी उपयोगी है।”
~जरीना खातून, नानपूर, सीतामढ़ी

“मेरे शरीर पर जख्म हो गया था, जिसे लेकर मेरी जांच की गई। कई तरह की स्वास्थ्य जांच हुई और सभी रिपोर्ट सामान्य आईं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत निशुल्क हेल्थ स्क्रीनिंग जरूर कराएं।”
~पिंटू कुमार, पीरमुहानी, पटना

“इस अभियान के तहत मेरा बीपी और शुगर चेक किया गया। जांच की व्यवस्था काफी शानदार है। आम लोगों के लिए यह बहुत जरूरी और उपयोगी अभियान है।”
लक्की कुमारी, राजा बाजार, पटना

“आजकल गांव और समाज में छोटी-छोटी बीमारियां भी आम होती जा रही हैं। ऐसे में ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से मध्यवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों को काफी लाभ मिलेगा। यह सरकार की एक शानदार और जनहितकारी पहल है।”
~नर्सिंग छात्र

