Khabrilal Desk: दरभंगा, 5 अगस्त 2026: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के अभियान के तहत दरभंगा में मद्यनिषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 108 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। वाहन जांच अभियान के दौरान बहेड़ा थाना क्षेत्र से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार को जब्त किया गया, जबकि मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध थाना, बेनीपुर की टीम ने बहेड़ा थाना क्षेत्र के बाबा डीहवार चौक (भरथा चौक के आगे) पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 108 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा शराब ढुलाई में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध दरभंगा प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब से जुड़ीकी जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *