Khabrilal Desk: दरभंगा, 10 अगस्त 2026। सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) सुनिश्चित कराने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग का कार्य जल्द पूरा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधार सीडिंग होने से पेंशन की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में समय पर और सुचारू रूप से पहुंचाने में सुविधा होगी।

40 हजार पेंशनधारियों के खातों में आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) बाकी

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिले में करीब 40,000 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में आधार सीडिंग का कार्य अभी शेष है। इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि पेंशनधारियों को आधार सीडिंग की प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं और अधिक से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों को आधार से जोड़ने का कार्य सुनिश्चित करें।

Aadhaar Seeding: जागरूकता रथ के जरिए होगा प्रचार-प्रसार

पेंशनधारियों को आधार सीडिंग के प्रति जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा। इसके माध्यम से लोगों को आधार सीडिंग के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।

Also Read: Bihar Child Labour Campaign

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को आधार सीडिंग कराने के लिए जागरूक और प्रेरित करने का अनुरोध किया गया है।

आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) से क्या होगा फायदा?

जिलाधिकारी ने कहा कि बैंक खाते में आधार सीडिंग से पेंशन राशि के भुगतान में सुविधा होगी। इसके अलावा भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी तथा धोखाधड़ी की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी। लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सुविधा होगी।

उन्होंने पेंशनधारियों से अपील करते हुए कहा कि वे “आधार सीडिंग करवाएं, पेंशन समय पर पाएं, बैंक खाता आधार से जोड़ें” के संदेश को ध्यान में रखते हुए अपना आधार सीडिंग कार्य जल्द पूरा कराएं।

परेशानी होने पर यहां करें संपर्क

जिन पेंशनधारियों को आधार सीडिंग कराने में किसी प्रकार की परेशानी हो रही है, वे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय या सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग शशि कुमार रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *