Patna Traffic Update: पटना की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लघंन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। लगातार नियमों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, पटना के ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्ट्रेशन रद्द करने की सिफारिश की है।
Patna Traffic Update: ट्रैफिक एसपी ने दी जानकारी
ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने एक न्यूज़ एजेंसी से बातचीत के दौरान बताया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, उनके बीते छह महीनों में पांच बार चालान काटे जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश चालान बिना हेलमेट पहने वाहन चलाने के कारण किए गए हैं। एसपी ने बताया कि इन व्यक्तियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश डीटीओ कार्यालय को भेजी गई है, और आगे की कार्रवाई वहीं से की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने पिछले छह महीनों में नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 5,591 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों के महत्व को समझाना और उनका पालन सुनिश्चित करना है।
Patna Traffic Update: 133 लोगों का लाइसेंस होगा रद्द
ट्रैफिक अधीक्षक के अनुसार, पिछले 6 महीने में 133 ऐसे लोग हैं जिन पर 20 से ज्यादा चालान हुए हैं। इन लोगों के लाइसेंस रद्द करने के लिए डीटीओ कार्यालय भेज दिया गया है। इन लोगों को देखकर लगता है कि वो लाइसेंस के लायक नहीं हैं। इसी बात के मद्देनजर हमने यह कार्रवाई की है।
Patna Traffic Update: डॉक्यूमेंट अपडेट करना जरुरी
वहीं, मिली जानकारी के अनुसार पटना में बड़ी संख्या में गाड़ी की कागजात में मोबाइल नंबर और पता अपडेट नहीं है। इसको लेकर ट्रैफिक प्रशासन सख्त हो गया है। जुर्माना लगाने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि वाहन मालिक परिवहन सेवा पोर्टल के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। साथ ही घर बैठे भी वाहन मालिक मोबाइल नंबर भी अपडेट कर सकते हैं। घर बैठे वाहन के ऑनरबुक में अपने मोबाइल नंबर को अपडेट करने की सुविधा परिवहन विभाग ने दी है। वाहन के रजिस्ट्रेशन कार्ड में आधार कार्ड को लिंक करने और मोबाइल नंबर जोड़ने के लिए परिवहन विभाग ने क्यूआर कोड स्कैन करने की भी सुविधा दी है।
Patna Traffic Update: गाड़ी का रजिस्ट्रेशन भी हो सकता है रद्द
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुरे शहर में चौराहों पर कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए नियम तोड़ने वालों का ऑनलाइन चालान किया जा रहा है। पटना यातायात एसपी के मुताबिक़ ट्रैफिक नियम का बार-बार उल्लंघन करने वाले व्यक्ति अगर नहीं सुधरेंगे तो इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ गाड़ी का रजिस्ट्रेशन भी रद्द किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Bihar Vidhan Sabha Chunav: बिहार के सियासत में हलचल तेज
