Khabrilal Live Desk: पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के विशेष अवसर पर बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव निवासी प्रसिद्ध लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने अपनी नई पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ के माध्यम से एक विशेष दस्तावेजी तोहफा प्रस्तुत किया है। 432 पृष्ठों की यह पुस्तक पिछले एक दशक से अधिक समय में भारत में हुए नीतिगत, सामाजिक, आर्थिक और वैश्विक बदलावों का विश्लेषण प्रस्तुत करती है।

लेखक ने पुस्तक में यह समझने का प्रयास किया है कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने किस तरह बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाए और इन परिवर्तनों के आधार पर वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की राह किस प्रकार तैयार हो रही है।

योजनाओं से आगे नीतियों और बदलाव का विश्लेषण

लंबे पत्रकारिता अनुभव और राजनीतिक विषयों पर गहरी पकड़ रखने वाले मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने पुस्तक में केवल सरकारी योजनाओं या आंकड़ों को संकलित करने के बजाय विभिन्न नीतियों और उनके प्रभावों का विश्लेषण किया है।

लेखक: मुरली मनोहर श्रीवास्तव

पुस्तक में ‘मेक इन इंडिया’ के प्रभाव, गांवों तक पहुंचती डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, आर्थिक बदलाव और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका जैसे विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। लेखक ने यह बताने की कोशिश की है कि पिछले वर्षों में लिए गए नीतिगत फैसलों ने देश की आंतरिक व्यवस्था के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को किस तरह प्रभावित किया।

2047 के विकसित भारत पर विशेष फोकस

‘मोदी युग का भारत’ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भविष्य के भारत की संभावनाओं और 2047 के विजन पर केंद्रित है। इसमें मौजूदा नीतियों और विकास की दिशा को आधार बनाते हुए यह समझने का प्रयास किया गया है कि भारत किस प्रकार एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर आगे बढ़ सकता है। लेखक ने वर्तमान नीतियों, आर्थिक गतिविधियों, तकनीकी बदलाव और वैश्विक भूमिका को भविष्य के भारत के संदर्भ में जोड़ते हुए अपनी दृष्टि प्रस्तुत की है।

साहित्यिक और राजनीतिक जगत में चर्चा

पुस्तक के प्रकाशन के बाद साहित्यिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से लेखक को बधाइयां मिल रही हैं। पुस्तक को समकालीन भारतीय राजनीति, अर्थव्यवस्था और विकास यात्रा को समझने के इच्छुक पाठकों के लिए उपयोगी दस्तावेज के रूप में देखा जा रहा है।

432 पृष्ठों की यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, पत्रकारों, राजनीतिक विश्लेषकों और देश की विकास यात्रा में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री बनने का प्रयास करती है। पुस्तक के माध्यम से लेखक ने मौजूदा दौर के भारत के बदलावों को दस्तावेजी रूप में सहेजने की कोशिश की है।

एक नजर में पुस्तक

पुस्तक का नाम: मोदी युग का भारत
लेखक: मुरली मनोहर श्रीवास्तव
कुल पृष्ठ: 432
प्रकाशक: पैनग्राम पब्लिशर्स, नई दिल्ली

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *