Khabrilal Live Desk: पटना। बिहार में स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा (Bihar Jewellers Security) को लेकर मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार की अध्यक्षता में पटना स्थित डीजीपी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) बिहार एवं ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी फेडरेशन (AIJGF) के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक में ADG लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम सहित बिहार के लगभग सभी जिलों से बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी शामिल हुए।
बैठक में बिहार में ज्वेलर्स के साथ हो रही लूट, हत्या, रंगदारी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यवसायियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं, लंबित मामलों और पुलिस-व्यापारी समन्वय से जुड़े मुद्दों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा।
ज्वेलर्स के लिए CID में बनेगा अलग सेल
बैठक को संबोधित करते हुए डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायियों के साथ हुई कई लूट की घटनाओं में पुलिस को सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि ज्वेलर्स की सुरक्षा और उनसे संबंधित अपराधों की निगरानी के लिए पहले से एक अलग सेल काम कर रहा है। अब CID में भी ज्वेलर कारोबारियों से जुड़े अपराधों के लिए अलग सेल गठित किया जा रहा है।
डीजीपी ने कहा कि इस व्यवस्था से ऐसे मामलों की निगरानी, अनुसंधान और कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही अपराधियों को जल्द सजा दिलाने की दिशा में भी कार्रवाई तेज होगी।
थाना स्तर पर ज्वेलर्स की अलग पंजी
डीजीपी ने थाना स्तर पर ज्वेलर्स की अलग पंजी तैयार करने का भी निर्देश दिया। इसमें संबंधित थाना क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई ज्वेलर देर रात दुकान बंद कर घर जाना चाहता है तो वह संबंधित थाना को इसकी सूचना दे सकता है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस उसे दुकान से घर तक सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि हर तीन महीने में ज्वेलर्स एवं स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक की जाए और उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की समीक्षा की जाए।
आधुनिक तकनीक से अपराधियों तक पहुंच रही पुलिस
ADG लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बिहार पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपराधी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस भी आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से अपराधियों तक पहुंच रही है। उन्होंने बाजारों में पुलिस गश्ती को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
व्यापारियों की गिरफ्तारी से पहले उचित जांच की मांग
बैठक में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं AIJGF के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा तथा प्रदेश उपाध्यक्ष बबल कश्यप ने व्यापारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि कई मामलों में केवल किसी व्यक्ति द्वारा चोरी या अन्य आरोप लगाए जाने के आधार पर पुलिस व्यापारी को तत्काल गिरफ्तार कर लेती है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि किसी व्यापारी की गिरफ्तारी से पहले मामले की उचित जांच और उपलब्ध तथ्यों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्दोष व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सैकड़ों स्वर्ण व्यवसायियों ने रखीं समस्याएं
बैठक में बिहार के लगभग सभी जिलों से आए स्वर्ण व्यवसायियों ने अपने क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों और पुलिस-व्यापारी समन्वय से जुड़े मुद्दों को रखा। पुलिस अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्वर्ण व्यवसायियों ने DGP विनय कुमार और ADG लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम की ओर से ज्वेलर्स की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों तथा CID में अलग सेल गठित करने की पहल का स्वागत किया। व्यवसायियों ने इसे बिहार के स्वर्ण कारोबारियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में शिवकुमार स्पंदन, राजेश कुमार सोनी, रंजन कुमार सोनी, संजीव कुमार, पप्पू सर्राफ, देव कुमार, सुष्मिता कुमारी, सूरज कुमार वर्मा, प्रिंस कुमार राजू, आनंद शाह, अमरजीत प्रसाद, दुर्गा प्रसाद जौहरी, राजेश्वर प्रसाद, विकास कुमार, राजू, सिद्धनाथ, प्रेमनाथ गुप्ता सहित बिहार के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे।
