Maa Sita Birth Place In Sitamarhi

Maa Sita Birth Place In Sitamarhi: बिहार के सीतामढ़ी जिला के मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम (Punaura Dham Sita Mandir) मंदिर के आसपास बेहतर पर्यटकीय सुविधाओं के विकास एवं आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए 50 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य मंत्रिपरिषद से भूमि अधिग्रहण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन के साथ भूमि अधिग्रहण के लिए कार्यशील है। दरअसल, मार्च 2024 में राज्य कैबिनेट से भूमि अधिग्रहण की सैद्धान्तिक मंजूरी मिली थी।

पुनौरा धाम के पास 50 एकड़ भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू

कुछ दिन पहले ही पर्यटन विभाग की टीम ने सीतामढ़ी के जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के साथ स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के करीब 50 एकड़ भूमि को अधिग्रहण के लिए चिह्नित करते हुए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को इस दिशा में कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए हैं। बताते चलें कि इससे पहले राज्य सरकार ने मौजूदा मंदिर परिसर के आसपास के क्षेत्र के पुनर्विकास के लिए 16.63 एकड़ जमीन अधिग्रहित की थी।

श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी

वर्तमान में रामायण परिपथ के अंतर्गत अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जानकी की जन्मभूमि के दर्शन के लिए पुनौराधाम आगमन होता है। अयोध्या से पुनौराधाम को जोड़ने के लिए उच्च गुणवत्तापूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग का भी निर्माण हो रहा है। रामायण सर्किट के अंतर्गत उच्च गुणवत्तापूर्ण सड़कें एवं आवागमन की सुविधा बेहतर होने के कारण पुनौराधाम में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कई पर्यटकीय आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जाना है। इसलिए 50 एकड़ भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है।

72.47 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत

इसके पूर्व पुनौराधाम (Punauradham Janaki Temple) आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा पुनौराधाम मंदिर के विकास के लिए 72.47 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत परिक्रमा पथ, सीता वाटिका, लव-कुश वाटिका, जानकी महोत्सव क्षेत्र का विकास, सुंदर वास्तुशिल्प से सुसज्जित दीवारें, पार्किंग और अन्य पर्यटकीय सुविधाओं का विकास वर्तमान में किया जा रहा है।

बता दें कि बिहार के सीतामढ़ी से करीब 5 किलोमीटर दूर शहर के पश्चिम में पुनौरा गांव में मां जानकी का मंदिर है। माना जाता है कि माता सीता का जन्म इसी स्थान पर हुआ था। यहां आस-पास मां सीता और राजा जनक से जुड़े कई तीर्थ स्थल हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *