Jammu Kashmir Assembly elections: जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। आर्टिकल-370 हटने के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। वोटिंग तीन फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगी। इसको लेकर सभी राजनितिक दल क्षमता के साथ चुनाव प्रचार में लगे हैं। इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी अपने चरम पर हैं। चुनाव जम्मू-कश्मीर में हैं, लेकिन इसका तपिस बिहार में भी देखने को मिल रहा है।
उमर अब्दुल्ला के बयान पर JDU की प्रतिक्रिया
नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के द्वारा अफजल गुरु पर दिए गए बयान पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में वोट के लिए बयान देना अच्छी बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए क्या वो इस बयान से सहमत हैं, क्योंकि उन्होंने उनके साथ गठबंधन किया है। नीरज कुमार ने कहा “।।।राजनीति में वोट के लिए बयान देना अच्छी बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए। राहुल गांधी ने अगर उनके (नेशनल कॉन्फ्रेंस ) साथ गठबंधन किया है तो क्या वे उनकी (उमर अब्दुल्ला) राय से सहमत हैं या असहमत हैं?”
अफजल गुरु को फांसी देने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं हुआ: उमर अब्दुल्ला
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि मुझे नहीं लगता कि अफजल गुरु को फांसी देने से कोई उद्देश्य पूरा हुआ। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने स्पष्ट किया कि ‘जम्मू-कश्मीर सरकार का अफजल गुरु की फांसी से कोई लेना-देना नहीं था। अगर आपको यह राज्य सरकार की अनुमति से करना पड़ता तो मैं आपको स्पष्ट रूप से बता सकता हूं कि इसकी अनुमति नहीं मिलती। हमने यह नहीं किया होता। मैं नहीं मानता कि उसे फांसी देने से कोई उद्देश्य पूरा हुआ।’
Jammu Kashmir Assembly elections: कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के बीच हुआ चुनाव पूर्व गठबंधन
आपको बता दें कि विस चुनाव में कांग्रेस और एनसी के बीच गठबंधन हुआ है। अधिकतर सीटों पर दोनों के बीच सहमति बन गई है। कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने चुनाव पूर्व गठबंधन किया है। NC 52 सीटों पर और कांग्रेस 31 सीटों पर उम्मीदवार उतार रही है। दोनों पार्टियों ने दो सीटें छोड़ी हैं, एक घाटी में CPI (M) के लिए और दूसरी जम्मू संभाग में पैंथर्स पार्टी के लिए छोड़ी है।
