भाजपा नेता व बिहार सरकार के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरि सहनी इन दिनों काफी एक्टिव नज़र आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को अरवल पहुंचने पर जिले के प्रभारी मंत्री का भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी के नेतृत्व में अंग वस्त्र एवं फूलों के गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया। उसके बाद प्रभारी मंत्री के सर्किट हाउस पहुंचने पर जिलाधिकारी कुमार गौरव के द्वारा फूलों के गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया।

अरवल सदर अस्पताल में लचर व्यवस्था देख मंत्री हुए नाराज

अरवल प्रवास के दौरान मंत्री ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टरों की अनुपस्थिति और मैनेजमेंट की लचर व्यवस्था देखने को मिली। अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों से मिलकर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की । मरीजों ने मंत्री के समक्ष डॉक्टरों के प्रति गहरी नाराजगी और विरोध जताया । सदर अस्पताल के डॉक्टरों और मैनेजमेंट की लापरवाही के कारण आम जनता के बीच सरकार के प्रति असंतोष की भावना बढ़ रही है।

प्रभारी मंत्री हरि सहनी ने किया कार्रवाई की अनुशंसा

अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था को देखते हुए मंत्री ने डॉक्टरों और प्रबंधकों पर कार्रवाई हेतु अनुशंसा की है ताकि अरवल की जनता को उचित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। प्रभारी मंत्री ने बयान जारी कर कहा कि कार्रवाई के लिए प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू की जा रही है। निरीक्षण रिपोर्ट वरीय अधिकारियों और संबंधित विभागों को भेजी जा रही है। इसके बाद जांच के आधार पर डॉक्टरों और मैनेजमेंट के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे। सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं ताकि अरवल की जनता को हर हाल में प्रतिदिन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *