Darbhanga Airport: दरभंगा एयरपोर्ट पर बनने वाले नये सिविल एन्क्लेव का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (20 अक्टूबर ) को वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास, पटना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ऑनलाइन जुड़े थे। वहीं, एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यकम में बिहार के महामहिम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा , बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, बिहार सरकार में मंत्री हरि सहनी, राज्यसभा की सांसद डॉ धर्मशीला गुप्ता सहित दरभंगा जिले के विधायकगण उपस्थित थे।

उड़ान योजना नए क्षेत्रों में विकास का मार्ग प्रशस्त किया है: संजय कुमार झा

इस संबंध में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि आज का दिन मिथिला सहित संपूर्ण उत्तर बिहार के लोगों के लिए बेहद खुशी का दिन है। दरभंगा एयरपोर्ट के नये टर्मिनल बिल्डिंग के शिलान्यास के लिए हम सभी मिथिलावासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधामंत्री के द्वारा शुरू की गई दूरगामी ‘उड़ान योजना’ ने देश के छोटे शहरों के लाखों लोगों के लिए हवाई सफर को सुगम बना दिया है और नये क्षेत्रों में तेजी से विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।

यह भी पढ़ें: Vocational Guidance Fair: युवाओं के लिए रोजगार का अवसर, दरभंगा में जुटेंगे देश भर से 20 बड़ी कंपनियां

2020 को Darbhanga Airport से शुरू हुई थी हवाई सेवा

संजय कुमार झा ने कहा कि हमें खुशी है कि दरभंगा एयरपोर्ट के विकास के प्रति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शुरू से व्यक्तिगत अभिरुचि रही है। ‘उड़ान योजना’ के तहत बिहार को दो एयरपोर्ट मिले थे। इसके लिए जमीन एवं कई अन्य सुविधाएं राज्य सरकार को उपलब्ध करानी थी। मुख्यमंत्री ने ही तय किया कि इनमें से एक एयरपोर्ट मिथिला के केंद्र दरभंगा में बनेगा। वर्ष 2020 में कोरोना काल में भी उन्होंने खुद दरभंगा जाकर एयरपोर्ट पर हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। आठ नवंबर, 2020 को दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान सेवा की शुरुआत हुई थी।

मिथिला के लिए गेम चेंजर साबित होगा Darbhanga Airport का विकास

उन्होंने कहा कि हमलोग प्रयास कर रहे हैं दरभंगा एयरपोर्ट से दूसरी कंपनियों की सेवा भी शुरू हो। दरभंगा एयरपोर्ट बिहार के 14 जिलों की 6 करोड़ आबादी को हवाई संपर्कता प्रदान करता है। नेपाल से नजदीक होने से इसकी महत्ता और भी बढ़ जाती है। यहां से विदेशी लोगों का भी आवागमन होता है। इसे ध्यान में रखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री जी द्वारा दिया गया है। राज्य सरकार इसके लिए अतिरिक्त भूमि देने सहित हर तरह से सहयोग करने के लिए तैयार है। हमें विश्वास है, दरभंगा एयरपोर्ट का विकसित स्वरूप आनेवाले समय में मिथिला सहित संपूर्ण उत्तर बिहार के लिए गेम चेंजर साबित होगा।

मिथिला के लिए गेम चेंजर साबित होगा Darbhanga Airport का विकास
Darbhanga Airport पर 912 करोड़ रुपये की लागत से नये सिविल एन्क्लेव का होगा निर्माण

राज्यसभा सांसद ने बताया है, उड़ान योजना के तहत Darbhanga Airport देश में सबसे सफलतम एयरपोर्ट है। यात्रियों के आवागमन के मामले में यह निरंतर नये रिकार्ड बना रहा है। नवंबर 2020 में हुई शुरुआत के बाद से यहां से 19.13 लाख से अधिक यात्री आवागमन कर चुके हैं। यात्रियों की संख्या वर्ष 2020-2021 में 1,53,281 से बढ़ कर वर्ष 2023-2024 में 5,26,066 हो गई।

यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए यहां 52.65 एकड़ भूमि पर 912 करोड़ रुपये की लागत से नये सिविल एन्क्लेव का निर्माण किया जाना है। बिहार सरकार द्वारा नये सिविल एन्क्लेव के लिए 54 एकड़ और रनवे के विस्तार (CAT-1) के लिए 24 एकड़ भूमि के भू-अर्जन की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है।

मिथिला पेंटिंग से सुसज्जित होगा Darbhanga Airport का टर्मिनल भवन

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा, नये टर्मिनल भवन का निर्माण बेसमेंट सहित कुल 51,800 वर्गमीटर क्षेत्र में प्रस्तावित है, जो व्यस्ततम समय के दौरान प्रतिदिन 3000 यात्रियों और प्रति वर्ष 30 लाख यात्रियों की सेवा करने के लिए सुसज्जित होगा। इसके अतिरिक्त, नये टर्मिनल भवन के विस्‍तार के लिए मल्टी लेवल कार पार्किंग, सर्विस ब्लॉक आदि जैसे सहायक भवनों के निर्माण की भी योजना है।

यहां यात्रियों के लिए 40 चेक-इन काउंटर, 14 सेल्फ-चेक-इन कियोस्क, 12 ऑटोमेटिक ट्रे-रिट्रीवल प्रणाली/ 30 डोर फ्रेम्ड मेटल डिटेक्टर मशीन, पांच एयरोब्रिज, आगमन हॉल में चार कन्वेयर बेल्ट जैसी सुविधाओं की योजना है। पहले चरण में कोड-सी प्रकार के सात विमानों की पार्किंग के लिए एक एप्रन का भी प्रस्ताव किया गया है। नया टर्मिनल भवन सदियों पुरानी मिथिला पेंटिंग से सुसज्जित और 19वीं सदी के भव्‍य दरभंगा किले से प्रेरित होगा। स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित कलाकृतियाँ और मूर्तियाँ यहां प्रतीक्षा क्षेत्रों के परिदृश्य क्षेत्रों में लगाई जाएंगी। आंतरिक सज्जा में प्राकृतिक और मिट्टी के रंगों का उपयोग किया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *