Banka Girl Success Story : कहते हैं कि अगर मन में दृढ़ निश्चय हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित है। मुश्किलें चाहे जितनी भी आएं, वे सिर्फ हमारी राह का हिस्सा होती हैं, मंजिल नहीं। बांका के अमरपुर प्रखंड की एक साधारण परिवार की बेटी ने इसी को साबित कर दिखाया है। फल बेचने वाले माता-पिता की इस होनहार बेटी का हाल ही में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) में चयन हुआ है, जिसने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से सभी को गौरवान्वित किया है। रिया ने समाज, परिवार और रिश्तेदारों के साथ-साथ उन छात्रों के लिए भी एक मिसाल पेश की है, जो असफलता मिलने पर अपना लक्ष्य भूल जाते हैं।
Banka Girl Success Story: बीएसएफ में जाने वाली गाँव की पहली लड़की है रिया
बिहार के बांका जिले के अमरपुर के वार्ड संख्या आठ की रहने वाली रिया कुमारी ने बीएसएफ में कॉन्स्टेबल बनकर अपने परिवार और पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। मुश्किल हालातों से जूझते हुए रिया ने यह सफलता हासिल की है। रिया के पिता फलों की दुकान चलाते हैं। रिया कुमारी बीते दिन बीएसएफ में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद गांव लौटी तो गांव के लोगों ने उनका ढोल-बाजे के साथ जोरदार तरीके से स्वागत किया। रिया गांव से बीएसएफ में जाने वाली पहली लड़की हैं।
माता-पिता ने हर कदम पर साथ दिया: रिया कुमारी
रिया (Banka Girl Success Story) बताती हैं कि उनका परिवार मध्यमवर्गीय है। उन्होंने बारहवीं तक की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। वे कहती हैं, ‘पढ़ाई के साथ-साथ मैंने भागलपुर जाकर शारीरिक परीक्षा की तैयारी भी की।’ अपनी इस कामयाबी के लिए रिया अपने माता-पिता को भी श्रेय देती हैं, जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। आर्थिक तंगी के बावजूद उनके माता-पिता ने हर कदम पर उनका साथ दिया।
रिया के पिता कहते हैं, ‘मेरी बेटी ने कठिन संघर्षों के बावजूद कभी हार नहीं मानी। उसने दिन-रात मेहनत करके परिवार के सपने को पूरा किया।’ रिया तीन भाई-बहन है। उनके दो छोटे भाई पीयूष और आयुष अंडर मैट्रिक की पढ़ाई कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Panchayati Raj Officer Job: बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द होगी 15000 से ज्यदा पदों पर बहाली
