khabrilal Desk: पटना, 4 अगस्त। देश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित जेम्स एवं ज्वेलरी व्यापारिक आयोजन इंडिया इंटरनेशनल ज्वेलरी शो (IIJS) 2026 का उद्घाटन 6 अगस्त को मुंबई में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान करेंगे। इस आयोजन में देशभर से करीब 50 हजार ज्वेलर्स, स्वर्णकार, निर्माता, निर्यातक, आयातक, डिजाइनर और व्यापारिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।

यह जानकारी ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) के प्रदेश अध्यक्ष एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि बिहार से भी 150 से अधिक ज्वेलर्स और व्यापारिक प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल इस अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक आयोजन में हिस्सा लेगा।

अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि IIJS भारतीय जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग का सबसे बड़ा व्यापारिक मंच है, जहां नवीनतम आभूषण डिजाइनों, आधुनिक तकनीकों, मशीनरी और व्यापारिक अवसरों का प्रदर्शन किया जाता है। यह आयोजन भारतीय आभूषण उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने के साथ-साथ निर्यात और निवेश को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाता है।

Also Read बिहारी अभिनेता पंकज कश्यप की उड़ान: ‘महरानी’ से ‘कोर्ट कचहरी’ तक की कामयाबी की कहानी

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग, स्वर्णकार समाज और देशभर के व्यापारिक समुदाय के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व में व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा रहा है, जिससे व्यापारिक समुदाय का विश्वास मजबूत हुआ है।

वर्मा ने विश्वास जताया कि IIJS 2026 भारतीय ज्वेलरी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने, निर्यात को बढ़ावा देने और भारत को वैश्विक ज्वेलरी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *