Khabrilal Live Desk: Bihar Saras Mela 2026 । बिहार की राजधानी पटना के ज्ञान भवन में आयोजित बिहार सरस मेला 2026 अपनी खासियतों के कारण हर वर्ग के लोगों को आकर्षित कर रहा है। इंटरनेट, स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के दौर में आज की युवा पीढ़ी का पारंपरिक मेलों की ओर आकर्षित होना खास बात है। यह दिखाता है कि सरस मेला अपनी परंपरा, स्थानीय उत्पादों और खास अनुभवों के जरिए युवाओं के बीच भी अपनी जगह बना रहा है।
ग्रामीण महिला उद्यमियों यानी जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को बाजार से जोड़ने की इस पहल ने मेले को और खास बना दिया है। यहां ग्रामीण महिलाओं के कौशल, मेहनत और उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का मंच मिल रहा है। यही वजह है कि बिहार सरस मेला 2026 लोगों के लिए खरीदारी के साथ-साथ ग्रामीण हुनर और उद्यमिता को करीब से जानने का भी एक खास अवसर बन रहा है। सरस मेला न सिर्फ हमारी ग्रामीण सांस्कृतिक धरोहर और कला को जीवित रख रहा है, बल्कि आज के युवाओं को भी अपनी ओर तेजी से आकर्षित कर रहा है।
युवाओं को क्यों पसंद आ रहा है सरस मेला (Bihar Saras Mela 2026 )?
आज की युवा इंडो-वेस्टर्न और फ्यूजन लुक को पसंद करते हैं। सरस मेले में हाथ से बने बैग, खादी के आधुनिक कपड़े, पारंपरिक कुर्तियां और हस्तनिर्मित ज्वेलरी युवाओं को आकर्षित कर रही हैं। मेले के रंग-बिरंगे स्टॉल, लोक नृत्य और संगीत युवाओं को तस्वीरें और रील्स बनाने का भी मौका देते हैं। युवा स्थानीय कारीगरों के उत्पादों और पर्यावरण के अनुकूल चीजों को भी पसंद कर रहे हैं। वहीं, फूड कोर्ट में लिट्टी-चोखा से लेकर दक्षिण भारतीय व्यंजनों तक, अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वाद का आनंद लिया जा सकता है। इस तरह सरस मेला परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम बनकर युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

Bihar Saras Mela 2026: रूबरू होइए जीविका दीदियों से, जानिए सफलता की कहानी
आज बात उन जीविका दीदियों की, जिन्होंने अपने पारंपरिक हुनर में आधुनिक डिजाइन और नए अंदाज का ऐसा मेल किया है कि उनके प्रोडक्ट युवाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। इन जीविका दीदियों के स्टॉल युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पारंपरिक कला और आधुनिक सोच के इस खूबसूरत संगम ने उनके उत्पादों को नया रूप दिया है। खूबसूरत डिजाइन, आधुनिक लुक और स्थानीय हुनर से तैयार ये प्रोडक्ट न सिर्फ युवाओं की पसंद बन रहे हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमिता को भी नई पहचान दे रहे हैं। सरस मेला इस बदलाव की एक ऐसी तस्वीर पेश कर रहा है, जहां परंपरा भी है और आधुनिकता का अंदाज भी।
Also Read: बिहार: “जलकुंभी के जाल से निकला 52 बीघा का पोखर”, अब बना स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
अररिया की शीतला दीदी के जूट उत्पाद बने आकर्षण
अररिया जिला की रहने वाली शीतला दीदी अपने हाथों और मशीन की सहायता से तैयार किए गए आकर्षक जूट उत्पादों के साथ सरस मेला (Bihar Saras Mela 2026) में पहुंची हैं। उनका हुनर ग्रामीण महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों की समृद्ध पहचान को दर्शाता है।

शीतला देवी बताती हैं कि, “जूट से बने खिलौने, घर सजाने वाली वस्तुएं, बैग जैसी कई प्रोडक्ट बनाती हूं। हम लोग 20 दीदियां इस काम से जुड़ी हुई हैं। ट्रेनिंग मिलने के बाद प्रोडक्ट के अलग-अलग डिजाइन बनाने का काम भी मैंने शुरू किया है। जब युवा लोग इसे देखने के लिए आते हैं तो खुश होते हैं कि यह सामान उन्हें दूसरी जगह नहीं मिलेगा।”
मधुबनी की पूनम दीदी बेच रहीं मिथिला की कला
मधुबनी जिला की पूनम दीदी वर्ष 2010 से जीविका से जुड़ी हुई हैं। वर्ष 2022 से हम लोग सरस (Bihar Saras Mela )मेला में आ रहे हैं। पूनम दीदी बताती हैं कि, “मिथिला पेंटिंग, सिक्की के प्रोडक्ट और पेपर मशीन का सामान हम लोग बेच रहे हैं। सभी वर्ग के लोग आ रहे हैं।” वहीं, अरवल जिला की रिंकी दीदी बताती हैं कि, “हम लोग लकड़ी से बने कई प्रोडक्ट बेच रहे हैं। बच्चों से लेकर युवा, हर कोई खरीद रहा है।”

कला सिर्फ रंगों का मेल नहीं, बल्कि हमारी मिट्टी, परंपरा और पहचान की झलक है। बिहार की मशहूर मधुबनी पेंटिंग की इसी विरासत को सुपौल जिला की मिक्की दीदी अपने हुनर से आगे बढ़ा रही हैं। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित सरस मेला में उन्होंने अपना खूबसूरत स्टॉल सजाया है।
अरवल की रिंकी दीदी के लकड़ी के उत्पाद भी पसंद कर रहे लोग
मिक्की दीदी बताती हैं कि, “हम लोग 10 से 12 जीविका दीदी इस काम में लगी हुई हैं। सोशल मीडिया की वजह से युवाओं के बीच मिथिला पेंटिंग काफी फेमस हो गई है। एक ट्रेंड और फैशन के तौर पर इसकी बिक्री भी काफी बढ़ी है। मिथिला पेंटिंग से सजे कई प्रोडक्ट हम लोग बेच रहे हैं।”

