Bihar Cabinet: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 14 नवंबर (बुधवार) को मंत्री परिषद की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान सरकार ने कुल 38 एजेंडों पर अपनी मुहर लगाईं है। बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। बिहार सरकार के कर्मियों को बड़ा तोहफा मिला है। महंगाई भत्ता में 3 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। कैबिनेट में इसकी मंजूरी मिल गई है। पहले यह 50 फीसद था जो अब बढ़कर 53 फीसद हो जाएगा। इसका लाभ पेंशन भोगियों को भी मिलेगा।

Bihar Cabinet: भूमिहीनों को एक लाख रूपये देगी सरकार

‘मुख्यमंत्री गृह स्थल क्रय सहायता योजना 2024’ के तहत भूमिहीनों को सरकार तीन डिसमिल जमीन के बजाय जमीन खरीदने के लिए एक लाख रुपये देगी। वहीं, पटना मेट्रो रेल परियोजना के काम में तेजी लाने के लिए 115 करोड़ 10 लाख रुपये के खर्च की मंजूरी मिली है। यह राशि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड को दी जाएगी। इसमें ट्रैक वर्क, लिफ्ट/एस्केलेटर एवं एक ट्रेन सेट की आपूर्ति का कार्य किया जाना है।

राज्य औद्योगिक विकास निगम के तहत बंद हो गए भागलपुर में ‘बिहार स्पन सिल्क मिल’ एवं फतुहा में ‘बिहार स्कूटर्स लिमिटेड’ की फैक्ट्रियों के कर्मियों को ‘बिहार आकस्मिक निधि’ से बकाए वेतन के भुगतान की मंजूरी मिल गई है। जो-जो मृत हो चुके कर्मी हैं उनके परिवार को यह राशि मिलेगी। इसके लिए कैबिनेट में 28 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये का प्रस्ताव पास हुआ है।

Nitish Cabinet Meeting में उग्रवाद से प्रभावित जिलों के लिए ख़ास योजना

केन्द्र प्रायोजित योजनान्तर्गत राज्य के वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों (District Affected by Left Wing Extremism) में कौशल विकास के उन्नयन हेतु स्थापित 09 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं 11 कौशल विकास केन्द्रों का संचालन राज्य योजनान्तर्गत “नये औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना” योजना से किये जाने एवं रूपये-10292.98 लाख (एक सौ दो करोड़ बानवे लाख अंठानवे हजार) की राशि के प्रतिवर्ष व्यय की स्वीकृति के संबंध में।

Bihar Cabinet: 814 करोड़ रूपये से बनेगा पुल-पुलिया एवं बाईपास

BSHP-IV (Bihar State Highway IV Project) के अन्तर्गत बागमती नदी पर उच्च स्तरयी पुल (Bund to Bund Bridge/ Elevated Road) एवं गरहा (NH- 57)-हथौड़ी-अतरार-बवनगामा-औराई पथ, लम्बाई 21.30 कि०मी० (3.35 कि०मी० उच्चस्तरीय पुल सहित) में पुल-पुलिया एवं बाईपास निर्माण कार्य सहित उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु कुल 81422.18 लाख (आठ सौ चौदह करोड़ बाइस लाख अठारह हजार) रूपये के अनुमानित लागत पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के संबंध में।

Bihar Cabinet: पुनौराधाम के विकास के लिए एक सौ बीस करोड़ अंठावन लाख

सीतामढ़ी जिलान्तर्गत पुनौराधाम मंदिर के आस-पास नये पर्यटकीय विकास एवं आधारभूत संरचनाओं के निर्माण हेतु रकबा-50.50 एकड़ भूमि अधिग्रहण के निमित्त राशि 120,58,67,175/- (एक सौ बीस करोड़ अंठावन लाख सड़सठ हजार एक सौ पचहत्तर) रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति ।

Bihar Cabinet: सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन मीडिया नियमावली, 2024

बिहार कार्यपालिका नियमावली के अनुसार सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वर्गीकृत विज्ञापनों, उपलब्धियों तथा अन्य सामग्रियों के विभिन्न प्रचार माध्यमों से प्रचार-प्रसार एवं जन जागरूकता के लिए नोडल विभाग है। यह कार्य बिहार विज्ञापन नियमावली, 2016 तथा बिहार वेब मीडिया नियमावली, 2021 (समय-समय पर यथा संशोधित) के प्रावधानों के अनुरूप संपादित किया जा रहा है।

आधुनिक समय में हो रहे तकनीकी विकास के साथ सोशल मीडिया, वेब पोर्टल एवं अन्य ऑनलाइन मीडिया प्रचार-प्रसार के नये एवं सशक्त माध्यम के रूप में विकसित हो रहे हैं। इन नये माध्यमों की क्षमता तथा उनके द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे प्लेटफार्म का कार्यहित में यथासंभव उपयोग करने तथा इनके माध्यम से सरकार की नीतियों एवं लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों का जनहित में व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जन जागरूकता के लिए बिहार सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन मीडिया नियमावली, 2024 की आवश्यकता है।

इस नियमावली का गठन होने से वेबसाईट, फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य प्लटेफार्मों पर सरकार की लोक कल्याणकारी नीति एवं कार्यक्रमों का जन जागरूकता हेतु व्यापक एवं प्रभावकारी प्रचार-प्रसार सरल हो जायेगा।

यह भी पढ़ें: बिहार पर्यटन ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग नीति

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *